
कुल्लू, 21 अक्टूबर। ऐतिहासिक ढालपुर मैदान में बुधवार को अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव का विधिवत शुभारंभ राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने भगवान रघुनाथ जी की पारंपरिक रथयात्रा के साथ किया। सप्ताह भर चलने वाले इस भव्य उत्सव में कुल्लू घाटी के विभिन्न क्षेत्रों से 347 से अधिक देवी-देवताओं ने भाग लिया। इस अवसर पर लेडी गवर्नर बिंदु गुप्ता भी उपस्थित रहीं। देवी-देवताओं के आगमन और रथयात्रा के साथ पूरा ढालपुर मैदान भक्तिमय माहौल में सराबोर नजर आया।

उत्सव के शुभारंभ अवसर पर राज्यपाल ने प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि हिमाचल प्रदेश की समृद्ध देव संस्कृति, लोक परंपराओं, सामूहिक आस्था और सामाजिक समरसता का जीवंत प्रतीक है। देव संस्कृति और लोक संस्कृति का अनूठा संगम इस उत्सव को विशिष्ट पहचान प्रदान करता है और देश के सांस्कृतिक मानचित्र पर विशेष स्थान दिलाता है।
राज्यपाल ने कहा कि परंपराएं हमारी विरासत होने के साथ-साथ वर्तमान और भविष्य के लिए मार्गदर्शन का स्रोत भी हैं। इनका संरक्षण करना और नई पीढ़ी तक पहुंचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
