
बिहार में नई सरकार के गठन के लिहाज से आज का दिन बेहद अहम है. नीतीश कुमार को जेडीयू विधायक दल का नया नेता चुन लिया गया है. उधर बीजेपी भी अपने विधायकों के साथ मंथन कर रही है. इसके बाद दोपहर 3 बजे विधानसभा के सेंट्रल हॉल में एनडीए की संयुक्त बैठक होगी. इस बैठक में सभी घटक दलों के विधायक शामिल होंगे और औपचारिक रूप से एनडीए का नेता चुना जाएगा. सूत्र बता रहे हैं कि इस बैठक में नीतीश कुमार को सर्वसम्मति से एनडीए का नेता चुना जाएगा. इसके बाद कल यानी गुरुवार को पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में भव्य शपथ ग्रहण समारोह होगा.
इस तरह नीतीश कुमार दसवीं बार बिहार की बागडोर संभालेंगे. वहीं सूत्रों के मुताबिक, बिहार की नई सरकार में मुख्यमंत्री के अलावा दो उपमुख्यमंत्री और लगभग 18 से 20 मंत्री शपथ ले सकते हैं. उपमुख्यमंत्री पद के लिए बीजेपी कोटे से दो नाम लगभग तय माने जा रहे हैं, जबकि जेडीयू और अन्य छोटे सहयोगियों को भी उचित प्रतिनिधित्व मिलने की बात कही जा रही है.
